कंप्यूटर आपरेटर, एएसआइ क्लर्क भर्ती में मांगी आयु छूट
प्रयागराजः प्रदेश सरकार ने पुलिस कांस्टेबल भर्ती-2023 तथा दारोगा भर्ती (कुशल खिलाड़ी) में आवेदन के लिए अभ्यर्थियों को तीन वर्ष की छूट दी है, लेकिन उत्तर प्रदेश भर्ती कंप्यूटर आपरेटर/एसआइ (गोपनीय) एएसआइ (क्लर्क) भर्ती में आयु सीमा को लेकर कोई छूट नहीं मिली है। ऐसे में प्रतियोगियों ने सात वर्ष बाद आई इस भर्ती में भी तीन वर्ष की आयु छूट दिए जाने की मांग की है। बताया है कि वर्ष 2016 के बाद से भर्ती नहीं आने से बड़ी संख्या में तैयारी किए हुए अभ्यर्थी ओवरएज हो गए हैं। इस कारण आयु छूट देकर राहत दी जानी चाहिए।
इस संबंध में छात्र-युवा संघर्ष समिति के अध्यक्ष संजय यादव, अनिरुद्ध पाण्डेय, अंकुर राय, दीपक परमार, पूजा, दीप्ति आदि ने चंद्रशेखर आजाद पार्क में बैठक कर अपनी मांग बुलंद की। मांग की कि जिस तरह पुलिस कांस्टेबल भर्ती में तीन वर्ष की छूट दी गई है, उसी तरह सात वर्ष बाद आई भर्ती में भी तीन वर्ष की छुट दी जाए। कहा कि कुछ भर्ती में छूट दी जा रही है, लेकिन कुछ में नहीं दिए जाने के कारण कई वर्ष से तैयारी करने के बाद ओवरएज हुए अभ्यर्थियों के हाथ में अवसर छिन गया है। समिति के अध्यक्ष ने बताया कि मांग के संबंध में शनिवार सुबह अभ्यर्थियों ने एक्स पर भी अभियान चलाकर मांग उठाई है।
0 Comments
नमस्कार अगर आप को जानकारी अच्छा लगे तो हमें कमेंट और फॉलो करे |