लेखपाल भर्ती के लिए अगले सप्ताह आयोग को भेजा जाएगा अधियाचन

लखनऊ। लेखपाल भर्ती के लिए अगले सप्ताह उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूपीएसएसएससी) को अधियाचन भेजा जाएगा। राजस्व परिषद को 15 मंडलों से रिक्त पदों का ब्योरा मिल गया है। शेष तीन मंडलों का ब्योरा भी दो- तीन दिन में मिलने की संभावना है। यह भर्ती करीब 9 हजार पदों पर होगी।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने सभी विभागों में रिक्त पदों को भरने के निर्देश दिए हैं। इसी के तहत सभी जिलों में लेखपालों के रिक्त पदों की गणना करवाई गई है। इसके साथ ही कार्मिक विभाग ने यह स्पष्ट कर दिया है कि पहले हुए भर्ती परीक्षा की प्रतीक्षा सूची से कोई भी पद नहीं भरे जा सकते हैं। इसलिए सभी रिक्त पद पर यूपीएसएसएसी के माध्यम से ही भरे जाएंगे।
राज्यकर विभाग में 7513 पद भरे जाएंगे
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश के बाद सरकारी विभागों में खाली पदों पर भर्ती की प्रक्रिया में और तेजी लाते हुए विभागवार प्रस्ताव आयोगों को भेजा जा रहा है।
राज्यकर विभाग में समूह 'ग' व 'घ' के रिक्त करीब 7513 पदों पर भर्ती का प्रस्ताव जल्द की आयोग को भेजने की तैयारी है। जोनवार रिक्त पदों का ब्योरा तैयार कराया जा रहा है। अभी तक की मिली रिक्तियों के आधार भर्ती प्रस्तावों को भेजने की तैयारी है। प्रमुख सचिव राज्यकर एम देवराज ने कार्यप्रभार संभालने के बाद विभाग में राजस्व वसूली में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।
पिछले दिनों विभागीय समीक्षा के दौरान अधिकारियों ने बताया था कि समूह 'ग' व 'घ' के पद खाली होने से काम में दिक्कतें आ रही हैं। उनके निर्देश पर ही जोनवार और पदवार रिक्तियों का ब्योरा तैयार किया जा रहा है।
अभी तक तैयार ब्योरे के मुताबिक 7513 पद खाली बताए जा रहे हैं। इसमें वैयक्तिक सहायक ग्रेड-दो 433, आशुलिपिक 179, कंप्यूटर आपरेटर ग्रेड ए 143, संग्रह अमीन 239, चालक 201, संग्रह सेवक 461, सफाई कर्मी 133, सहायक सांख्यिकीय अधिकारी 67, वाणिज्य कर निरीक्षक 278, लेखा परीक्षक 23, लेखाकार 69, सहायक लेखाकार 25, कंप्यूटर आपरेटर ग्रेड बी के 15 पदों के साथ अन्य रिक्तियां हैं। राज्यकर आयुक्त मुख्यालय की ओर से रिक्त पदों के आधार पर अधीनस्थ सेवा चयन आयोग को भर्ती संबंधी प्रस्ताव भेजा जाएगा।
0 Comments
नमस्कार अगर आप को जानकारी अच्छा लगे तो हमें कमेंट और फॉलो करे |