एडेड माध्यमिक स्कूलों का मामला, मंडल स्तर पर आदेश हुआ जारी
कार्यवाहक प्रधानाचार्यों को नियमित के समान ही वेतन

लखनऊ। एडेड (अशासकीय सहायता प्राप्त) माध्यमिक स्कूलों के कार्यवाहक प्रधानाचार्य जल्द ही नियमित प्रधानाचार्यों के समान वेतन पाने लगेंगे। शासन के कड़े रुख के बाद मंडल स्तर पर इसके लिए आदेश जारी होने शुरू हो गए हैं। मंगलवार को आजमगढ़ मंडल में संयुक्त शिक्षा निदेशक ने अपने मंडल के जिला विद्यालय निरीक्षकों को जिले के एडेड स्कूल प्रबन्धनों से तत्काल प्रस्ताव मंगाने के निर्देश दिए हैं।
इसी प्रकार दो अन्य मंडलों के संयुक्त शिक्षा निदेशकों ने इस प्रकरण में एक दो दिनों के भीतर जिला विद्यालय निरीक्षकों को पत्र भेजकर उनके जिले से प्रस्ताव मंगाने के लिए पत्रावलियों पर सहमति दे दी है। दरअसल, हाईकोर्ट ने समान कार्य के लिए समान वेतन दिए जाने का आदेश देते हुए कहा था कि यदि किसी वरिष्ठ शिक्षक के हस्ताक्षर प्रमाणित हो चुके हैं और वह कार्यवाहक प्रधानाचार्य के रूप में कार्य कर रहा है तो ऐसे शिक्षक को हस्ताक्षर प्रमाणन के तीन माह बाद से लेकर नियमित प्रधानाचार्य की नियुक्ति होने तक अथवा उसके सेवानिवृत्त होने दिया जाएगा। कोर्ट ने समान कार्य के लिए समान वेतन" के सिद्धांत को आधार बनाते हुए माना कि जब कोई शिक्षक वास्तविक रूप से प्रधानाचार्य की जिम्मेदारियां निभा रहा है, तो उसे उस पद के अनुरूप वेतन मिलना ही चाहिए। न्यायालय ने यह भी स्पष्ट किया कि प्रधानाचार्य का पद केवल प्रशासनिक न होकर मूलतः शैक्षिक प्रकृति का है।
परिवहन कर्मियों का महंगाई भत्ता पांच फीसदी बढ़ा
लखनऊ। उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम ने नियमित कर्मचारियों का [2] महंगाई भत्ता पांच प्रतिशत बढ़ा दिया है। अब मूल वेतन का 55 प्रतिशत की दर से महंगाई भत्ता दिया जाएगा। परिवहन निगम के करीब 14 हजार नियमित अधिकारियों व कर्मचारियों को इसका लाभ मिलेगा। अपर मुख्य सचिव, परिवहन अर्चना अग्रवाल की ओर से पांच प्रतिशत महंगाई भत्ता बढ़ाए जाने का आदेश जारी कर दिया गया है। निगम के पूर्णकालिक कार्यरत कार्मिकों को 7वें वेतनमान में 55 प्रतिशत महंगाई भत्ते की किश्त के भुगतान की स्वीकृति एक जनवरी 2026 से प्रदान की गई है। महंगाई भत्ता बढ़ाए जाने के लिए गठित एम्पावर्ड कमेटी की ओर से इस बढ़ोतरी हरी झंडी दे दी गई है।
विधान भवन पर शिक्षक भर्ती के आरक्षित अभ्यर्थी जुटे
नॅनुअम, कार्यालय कर्मचारी। 69 हजार सहायक शिक्षक भर्ती में याची बनकर न्याय की लड़ाई लड़ रहे आरक्षित श्रेणी के भारी संख्या में अभ्यर्थी बुधवार को विधान भवन के सामने प्रदर्शन कर धरने पर बैठ गए। आरक्षण पीड़ित अभ्यर्थियों ने योगी जी हमें न्याय दो, सुप्रीम कोर्ट में आरक्षण पीड़ित अभ्यर्थियों के पक्ष में याची लाभका प्रस्ताव पेश करो के नारे लगाने लगे। पुलिस ने आकर अभ्यर्थियों को रोक लिया। दोनों के बीच गहमागहमी होने लगी। पुलिस ने इनकी एक नहीं सुनी। सभी को जबरन पुलिस बस में बैठाकर इको गार्डन भिजवाया। अभ्यर्थी पहले भी न्याय के लिये डिप्टी सीएम समेत शिक्षामंत्री आदि के यहां कई बार प्रदर्शन कर चुके हैं।
धरना प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे पिछड़ा दलित संयुक्त मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष सुशील कश्यप एवं धनंजय गुप्ता का कहना है कि आरक्षण घोटाले का यह मामला लखनऊ हाई कोर्ट में वर्ष 2020 से चल रहा है। इस भर्ती में ओबीसी वर्ग को 27% की जगह सिर्फ 3.86% वहीं एससी वर्ग को ज्यादा आरक्षण दिया गया है। बेसिक शिक्षा नियमावली 1981 तथा आरक्षण नियमावली 1994 का घोर उल्लंघन किया गया है। हाईकोर्ट की लखनऊ पीठ 13 अगस्त 2024 को इस शिक्षक भर्ती की पूरी लिस्ट को रद्द कर चुकी है। प्रदेश सरकार को शिक्षक भर्ती की सूची तीन महीने के अंदर मूल चयन सूची के रूप में लिस्ट बनाने का आदेश दे चुकी है लेकिन सरकार ने कुछ नहीं किया।
होमगार्ड भर्ती परीक्षा में नकल, अफवाह पर कड़ी कार्रवाई : योगी
निर्देश
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 25 से 27 अप्रैल के मध्य प्रस्तावित होमगार्ड स्वयंसेवक भर्ती परीक्षा में नकल और गड़बड़ी करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि परीक्षा की शुचिता सर्वोपरि है।
मुख्यमंत्री ने बुधवार रात वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए होमगार्ड भर्ती परीक्षा, स्मार्ट मीटर से जुड़ी व्यवस्थाओं, पेट्रोलियम उत्पादों की उपलब्धता तथा कानून-व्यवस्था सहित अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत निर्देश दिए। उन्होंने खासकर होमगार्ड भर्ती परीक्षा की तैयारियों व सुरक्षा-व्यवस्था को लेकर निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि होमगार्ड स्वयंसेवकों की भर्ती परीक्षा पहली बार पुलिस भर्ती बोर्ड के माध्यम से आयोजित की जा रही है। जिन जिलों में हाल ही में नए डीएम तैनात हुए हैं, वे संबंधित मंडलायुक्त तथा एडीजी/आईजी के साथ समुचित समन्वय सुनिश्चित करें।
आज शाम जारी होगा यूपी बोर्ड का परिणाम
रिजल्ट को बोर्ड की वेबसाइट के साथ ही डिजीलॉकर पर भी देख सकते हैं
यूपी बोर्ड हाईस्कूल और इंटरमीडिएट का परीक्षा परिणाम गुरुवार शाम चार बजे घोषित होगा। जिले में इस बार हाईस्कूल में 49977 और इंटर में 42158 विद्यार्थी पंजीकृत थे। रिजल्ट को बोर्ड की वेबसाइट के साथ ही डिजीलॉकर पर भी देखा जा सकता है।
यूपी बोर्ड रिजल्ट की तारीख घोषित होते ही छात्रों और अभिभावकों का धड़कनें बढ़ गई हैं। मंडलीय मनोविज्ञानशाला में प्रवक्ता यशिका वर्मा कहती हैं, सभी अभिभावकों और विद्यार्थियों को धैर्य व संयम के साथ अपना रिजल्ट देखना चाहिए। उन्हें डरने, असफल होने और नंबर कम आने की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। ये अंक बच्चों का कॅरिअर तय नहीं करते हैं। ऐसे बहुत सारे उदाहरण हैं, जहां विफल होने या फिर कम अंक आने के बाद भी भविष्य में लोगों ने सफलता हासिल की। इसका एकमात्र कारण यही है कि उन्होंने अपना हौसला नहीं खोया।
काउंसलिंग को जारी किया हेल्पलाइन नंबर
मंडलीय मनोविज्ञानशाला ने छात्रों की काउंसिलंग के लिए हेल्पलाइन नंबर 7505126409, 9458015908 जारी किया है। इस पर छात्रों के साथ ही अभिभावक भी तनाव प्रबंधन और कॅरिअर के बारे में जानकारी लेने के लिए सुबह 11 से शाम 4 बजे के बीच में कॉल कर सकते हैं।
जिले के 37 परीक्षा केंद्रों पर होगी होमगार्ड भर्ती परीक्षा
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश होमगार्ड के पदों पर भर्ती के लिए 25 अप्रैल से लिखित परीक्षा शुरू होगी। जिले के कुल 37 परीक्षा केंद्रों पर 25, 26 व 27 अप्रैल को दो पालियों में परीक्षा होगी। प्रथम पाली में सुबह दस से दोपहर बारह बजे तक और द्वितीय पाली की दोपहर तीन से शाम पांच बजे तक चलेगी। शांतिपूर्ण व नकलविहीन परीक्षा कराने के लिए सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट और पर्याप्त पुलिस बल की व्यवस्था की गई है।
सीपी जोगेंद्र कुमार और डीएम मनीष कुमार वर्मा ने बुधवार को पुलिस लाइन सभागार में बैठक कर जरूरी दिशा निर्देश दिया। पुलिस आयुक्त ने सभी परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश 25, 26 व 27 अप्रैल को दो सत्रों में आयोजित की जाएगी परीक्षा से पूर्व अभ्यर्थियों की सघन तलाशी और मोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट व प्रतिबंधित सामग्री को अंदर ले जाने पर प्रतिबंध का सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया। परीक्षा केंद्रों के बाहर अनावश्यक भीड़ एकत्रित नहीं होना चाहिए। संदिग्ध गतिविधि और नकल गिरोहों पर पैनी नजर रखी जाए। डीएम मनीष कुमार वर्मा ने सेक्टर और स्टैटिक मजिस्ट्रेटों को निरंतर संपर्क बनाए रखने और पल-पल की रिपोर्ट कंट्रोल रूम को प्रेषित करने का निर्देश दिया।
डीएलएड परीक्षा की तिथि टकराव पर सौंपा ज्ञापन
प्रयागराज। डीएलएड चतुर्थ सेमेस्टर और एलटी परीक्षा की तिथि एक साथ होने से अभ्यर्थियों में आक्रोश बढ़ गया है। डीएलएड चतुर्थ सेमेस्टर की परीक्षा 14, 15 और 16 मई को प्रस्तावित है, जबकि 16 व 17 मई को एलटी परीक्षा है। इससे कई छात्रों के सामने दोनों परीक्षाओं में शामिल होने की समस्या खड़ी हो गई है।
इस मुद्दे को लेकर डीएलएड संगठन के प्रदेश उपाध्यक्ष विशु यादव के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को परीक्षा नियामक प्राधिकारी (पीएनपी) के सचिव को ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने 16 मई की परीक्षा को 18 मई तक स्थगित करने की मांग की। विशु यादव ने चेतावनी दी कि मांग पूरी न होने पर आंदोलन किया जाएगा। सचिव ने जल्द निर्णय का आश्वासन दिया है।
असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती परीक्षा की उत्तरकुंजी जारी
प्रयागराज। अशासकीय सहायता प्राप्त 910 पदों पर भर्ती के लिए उत्तर प्रदेश महाविद्यालयों में असिस्टेंट प्रोफेसर के शिक्षा सेवा चयन आयोग की ओर से 18 और 19 अप्रैल को आयोजित पुर्नपरीक्षा की अनंतिम उत्तरकुंजी वेबसाइट https://upessc.up.gov.in पर बुधवार को जारी कर दी गई। उपसचिव डॉ. संजय कुमार सिंह के अनुसार सभी 33 विषयों की मास्टर सेट की अनंतिम उत्तरकुंजी का मिलान कर लें। यदि उत्तरकुंजी पर कोई आपत्ति हो तो ऑनलाइन लिंक https://www.upessc.net/upesscqca pril2026/Login.aspx पर जाकर 28 अप्रैल की रात 12 बजे तक दर्ज कर सकते हैं। इस संबंध में दिशा-निर्देश आयोग की वेबसाइट पर अपलोड कर दिया गया है। ऑनलाइन के अतिरिक्त अन्य किसी माध्यम से प्राप्त आपत्ति पर विचार नहीं किया जाएगा।
एलटी ग्रेड कॉमर्स की मुख्य परीक्षा 98 प्रतिशत ने दी
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की ओर से राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में एलटी ग्रेड (सहायक अध्यापक, प्रशिक्षित स्नातक) भर्ती 2025 के वाणिज्य विषय की मुख्य परीक्षा लखनऊ में लोक सेवा आयोग के परीक्षा भवन अलीगंज पर बुधवार को सुबह 9:30 से 12:30 बजे तक आयोजित हुई। परीक्षा नियंत्रक हर्षदेव पांडेय के अनुसार परीक्षा में पंजीकृत 842 अभ्यर्थियों में कुल उपस्थिति लगभग 98 प्रतिशत रही।
बीएससी में बायोटेक्नोलॉजी की होगी पढ़ाई
गोरखपुर। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय में सत्र 2026-27 से बीएससी में भी बायोटेक्नोलॉजी की पढ़ाई शुरू होगी। इसके लिए तीन ग्रुप के संयोजन तैयार किए गए हैं। छात्रों को प्रवेश के लिए कोई एक ग्रुप का चुनाव करना होगा। स्ववित्तपोषित पाठ्यक्रम के रूप में इस कोर्स का संचालन होगा। यह फैसला डीडीयू में प्रवेश समिति की बैठक में बुधवार को कुलपति प्रो. पूनम टंडन की अध्यक्षता में लिया गया है।
प्रवेश प्रकोष्ठ के निदेशक प्रो. हर्ष कुमार सिन्हा ने बताया कि पहली बार बीएससी में बायोटेक्नोलॉजी की पढ़ाई होगी। तीन ग्रुप के संयोजन में इसकी शुरुआत होने जा रही है। पहले ग्रुप में बॉटनी, जूलॉजी और बायोटेक्नोलॉजी, दूसरे ग्रुप में बॉटनी, केमिस्ट्री और बायोटेक्नोलॉजी और तीसरे ग्रुप में जूलॉजी, केमिस्ट्री और बायोटेक्नोलॉजी का विकल्प दिया गया है। इन तीनों ग्रुप में मिलाकर कुल 60 सीटों पर प्रवेश होगा। इसके अलावा नए सत्र में बीएससी में कंप्यूटर साइंस | और इलेक्ट्रॉनिक्स में भी विभिन्न विषयों के संयोजन के साथ 30-30 अतिरिक्त सीटों पर प्रवेश होगा। यह सेल्फ फाइनेंस मोड में चलेगा। इसके तहत कंप्यूटर साइंस में प्रवेश के लिए दो ग्रुप में से किसी एक के चयन विद्यार्थियों को करना होगा। पहले ग्रुप में फिजिक्स, मैथ, कंप्यूटर साइंस और दूसरे में सांख्यिकी, गणित व कंप्यूटर साइंस को शामिल किया गया है।
यूजी-पीजी में बढ़ी सीटें
प्रो. हर्ष सिन्हा ने बताया कि स्नातक और परास्नातक में स्ववित्तपोषित माध्यम से सीट बढ़ाने पर भी फैसला हुआ है। बीए में 30 और एमए के सभी विषयों में 25 प्रतिशत सीटें बढ़ाई जाएंगी। बीएससी, एमएससी और एमकॉम में 20-20 प्रतिशत सीटें बढ़ेगी। अंग्रेजी और राजनीति शास्त्र विभाग से एक-एक पीजी डिप्लोमा और सर्टिफिकेट कोर्स के संचालन को मंजूरी मिली है।
एमएमएमयूटीः बीटेक में प्रवेश प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी
गोरखपुर। मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में बीटेक में प्रवेश की तैयारियां शुरू कर दी गई है। इसे लेकर बुधवार को प्रवेश समिति की बैठक हुई है। इसमें फैसला लिया गया है कि मई के दूसरे सप्ताह में रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इसके अलावा जून में काउंसलिंग की पहली सूची जारी करने पर भी चर्चा हुई। हालांकि, पहले दिन हुई बैठक में तिथि की घोषणा नहीं हो सकी है। एमएमएमयूटी सहित प्रदेश के अन्य शैक्षणिक संस्थानों में जेईई मेन की ऑल इंडिया रैंकिंग के आधार पर ही प्रवेश होगा। जेईई में अच्छे रैंक लाने वाले छात्र प्राथमिकता के तौर पर अच्छे संस्थानों का चयन पहले चरण में ही कर लेते हैं। इनमें एनआईटी जैसे देश के बड़े शैक्षणिक संस्थान शामिल है। इन संस्थानों में प्रवेश की प्रक्रिया जोसा काउंसलिंग के जरिए होता है। जोसा की काउंसिलिंग तिथि आने के बाद एमएमएमयूटी भी रजिस्ट्रेशन की तिथि जारी करने की तैयारी में है। इसे लेकर विवि प्रशासन ने एनआईसी को पत्र भी भेज दिया है।
0 Comments
आप को जानकारी कैसी लगी कमेंट व Subscribe करे |